समय भास्कर,जसराना। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडेय के निर्देशन में जनपद में संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत शनिवार को ब्लाक जसराना के प्राथमिक विद्यालय नगला सुभान तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय मलिकपुर एवं बहत पर मिशन शक्ति कार्यक्रम एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया।इस अवसर पर बेटी को दें शिक्षा का उजियारा,पढ़ लिख कर करें रोशन जग सारा तथा बेटा और बेटी एक समान,जन-जन का हो अब यही आह्वान आदि नारे लगाते हुए विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली।कार्यक्रम में बच्चों,शिक्षकों,महिलाओं तथा स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम संयोजक एआरपी सुमन राजपूत ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि रुढ़िवादी विचारधारा को समाप्त करने के लिए शत् प्रतिशत बेटियों की शिक्षा को सुनिश्चित करना आवश्यक है जिससे वे अपने अधिकार एवं कर्तव्यों को समझ सकें और सशक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दे सकें।इसके साथ ही कन्या भ्रूण हत्या,बाल विवाह, बालिका शिक्षा एवं सुरक्षा,दहेज प्रथा,लैंगिक भेदभाव तथा अंधविश्वास आदि विषयों पर लोगों को जागरूक किया और समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने का आह्वान किया।कार्यक्रम का संचालन करते हुए शिक्षक अतिन कुमार ने कहा कि बेहतर समाज निर्मित करने में बेटियों की अग्रणी भूमिका है और यह शिक्षा के माध्यम से ही संभव है।इस अवसर पर नियमित विद्यालय आने वाली छात्राओं को पुरस्कृत एवं प्रोत्साहित किया गया।छात्राओं ने बेटी हिंदुस्तान की गीत प्रस्तुत कर सबको भावविभोर कर दिया।इस दौरान अशोक कुमार,नरेश पाल सिंह,पिंकी, हरीश चंद्र,खुशीराम,सतेंद्र सिंह,ज्योति गुप्ता,हेमेंद्र सिंह,अंजलि यादव,सहदेव सिंह,अतुल,अनिरुद्ध आदि शिक्षक उपस्थित रहे।
