समय भास्कर,जसराना। कस्बे के मेन चौराहे पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक बड़ा हादसा टल गया जब शिकोहाबाद की ओर से आ रहा बालू लदा ट्रक स्टेयरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर दुकानों में घुस गया। इस घटना में दुकान का काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।
शुक्रवार को शिकोहाबाद की तरफ से एटा की और एक बालू से लदा ट्रक जा रहा था, जैसे ही ट्रक कस्बा के मैन बाजार में पहुंचा तो अचानक से उसकी स्टेरिंग फेल हो गई और वह शैलेश गुप्ता की हार्डवेयर दुकान और मनोज बघेल की हलवाई की दुकान में घुस गया जिससे दोनों व्यापारियों को नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को क्रेन की मदद से बाहर निकाला।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाईपास निर्माण न होने के कारण भारी वाहन कस्बे के मुख्य बाजार से ही गुजरते हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं की संभावना बनी रहती है। व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बाईपास निर्माण की मांग की है,ताकि बाजार क्षेत्र में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
