समय भास्कर सिनेमा डेस्क
देशभर में एकता और राष्ट्रीय गौरव के माहौल के बीच 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के महानायक और परमवीर चक्र से सम्मानित वीर अब्दुल हमीद की असाधारण जिंदगी और बलिदान पर आधारित फीचर फिल्म का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। इस फिल्म का निर्माण प्रोडक्शन हाउस ‘पैराडाइज़ सिनेमाज़’ करने जा रहा है।
फिल्म की घोषणा वीर अब्दुल हमीद की जन्मभूमि उत्तर प्रदेश के गाज़ीपुर में एक विशेष कार्यक्रम के दौरान की गई।
गाज़ीपुर में जुटे केंद्रीय मंत्री और सैन्य अधिकारी
इस ऐतिहासिक मौके पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा कार्यक्रम में वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव, पैराडाइज़ सिनेमाज़ के सह-संस्थापक मनीष वशिष्ठ, वीर अब्दुल हमीद के पोते जमील आलम तथा ‘वीर अब्दुल हमीद ट्रस्ट’ के साझेदार व उपाध्यक्ष तपन कुमार डे भी मौजूद रहे।
वीर अब्दुल हमीद ने 1965 के युद्ध में दुश्मन सेना के अजेय माने जाने वाले पैटन टैंकों को ध्वस्त करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी इस असाधारण वीरता के लिए उन्हें मरणोपरांत भारत के सर्वोच्च युद्धकालीन सम्मान ‘परमवीर चक्र’ से नवाजा गया था।
मेकर्स का क्या कहना है?
पैराडाइज़ सिनेमाज़ के संस्थापक और फिल्म निर्माता पुस्कुर राममोहन राव ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद की कहानी साहस, कर्तव्य और देश के प्रति अटूट समर्पण की मिसाल है। उनकी जिंदगी यह याद दिलाती है कि भारत की ताकत उन वीरों से है जिन्होंने देश को हमेशा खुद से आगे रखा। उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय पर्व और एकता के माहौल में इस फिल्म का ऐलान करना गर्व की बात है और टीम का पूरा प्रयास रहेगा कि उनके बलिदान के साथ पूरा न्याय किया जाए।
वहीं, प्रोडक्शन हाउस के सह-संस्थापक मनीष वशिष्ठ ने कहा कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उस वीर सैनिक के प्रति एक विनम्र श्रद्धांजलि है, जिनका अदम्य साहस आज भी कई पीढ़ियों को प्रेरित करता है। उनका उद्देश्य नई पीढ़ी को इस ऐतिहासिक वीरता और सेवा भाव से रूबरू कराना है।
विकास के चरण में है प्रोजेक्ट
फिल्म अभी अपने शुरुआती (डेवलपमेंट) चरण में है। फिल्म के निर्देशक, मुख्य कलाकारों और पूरी रचनात्मक टीम की घोषणा आने वाले समय में आधिकारिक तौर पर की जाएगी। पैराडाइज़ सिनेमाज़ अब इस अमर गाथा को गाज़ीपुर की सरजमीं से उठाकर सिनेमाघरों के 70mm कैनवास पर उतारने की तैयारी में जुट गया है।
