अक्सर आपने घर के बड़े और डॉक्टर से ये सुना होगा कि सुबह की शुरुआत हमेशा हेल्दी तरीके से करनी चाहिए. ताकि आपका पूरा दिन हेल्दी और एनर्जेटिक बीते. बहुत से लोग सुबह खाली पेट गुनगुना पानी पीना पसंद करते हैं, तो बहुत से चाय और कॉफी. दरअसल आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपनी सेहत का ख्याल रखना भूल जाते हैं, जिससे पेट से जुड़ी समस्याएं और वजन बढ़ने जैसी दिक्कतें आम हो गई हैं.अगर आप भी इन छोटी-छोटी लेकिन परेशान करने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान हैं, तो किचन में रखी एक छोटी सी चीज आपकी बड़ी मदद कर सकती है.
अगर आप हर दिन सुबह खाली पेट मेथी का पानी पीते हैं, तो यह आपके शरीर के लिए एक चमत्कारी औषधि की तरह काम कर सकता है. आइए जानते हैं इसे पीने के फायदे और सही तरीका.
मेथी पानी पीने के फायदे-
पेट के लिए-
गलत खान-पान की वजह से गैस, कब्ज और एसिडिटी होना आज के समय में बहुत आम बात है. डॉक्टर राम अवतार बताते हैं कि मेथी के पानी में भरपूर मात्रा में फाइबर और पाचक गुण होते हैं. जब आप सुबह खाली पेट इसे पीते हैं, तो यह आपके पेट की सफाई करता है. इससे खाना जल्दी पचता है, पेट साफ रहता है और गैस या बदहजमी जैसी परेशानियों से राहत मिल सकती है.
वजन घटाने-
मेथी का पानी हमारे शरीर के मेटाबॉलिज्म यानी खाना पचाने की रफ्तार को तेज कर देता है. इसके सेवन से शरीर की एक्स्ट्रा चर्बी धीरे-धीरे पिघलने लगती है. साथ ही, इसे पीने से लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है, जिससे बार-बार खाने की आदत छूट जाती है और वजन कंट्रोल में रहता है.
डायबिटीज के लिए-
डायबिटीज यानी शुगर के मरीजों के लिए मेथी का पानी वरदान से कम नहीं. आयुर्वेद के अनुसार, मेथी दाने शरीर में इंसुलिन की कार्यक्षमता को सुधारते हैं, जिससे खून में शुगर का लेवल काबू में रहता है. अगर किसी के परिवार में शुगर की बीमारी का इतिहास है या कोई इस परेशानी से जूझ रहा है, तो उन्हें रोज सुबह खाली पेट इस पानी को जरूर पीना चाहिए.
बालों और स्किन के लिए-
हेल्दी बाल और ग्लोइंग स्किन हर किसी की चाहत होती है. मेथी के पानी में एंटीऑक्सीडेंट्स और कई तरह के विटामिन्स होते हैं, जो खून को अंदर से साफ करते हैं. जब खून साफ होता है, तो चेहरे के पिंपल्स, दाग-धब्बे और झुर्रियां अपने आप कम होने लगती हैं. इसके अलावा, यह बालों की जड़ों को मजबूत बनाता है जिससे झड़ते बालों की समस्या से राहत मिल सकती है.
शरीर दर्द के लिए-
बढ़ती उम्र या कमजोरी के कारण अक्सर जोड़ों में दर्द या शरीर में थकान महसूस होती है. मेथी की तासीर थोड़ी गर्म होती है और इसमें एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो शरीर की सूजन और जोड़ों के दर्द को कम करने में मदद कर सकते हैं.
मेथी का पानी बनाने का तरीका-
रात को सोने से पहले एक गिलास पानी में एक छोटा चम्मच मेथी दाने भिगोकर रख दें. सुबह उठकर इस पानी को छान लें और खाली पेट धीरे-धीरे पिएं.आप चाहें तो भीगे हुए मेथी दानों को चबा भी सकते हैं.
