समय भास्कर संवाददाता,फिरोजाबाद। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर विद्युत पारेक्षण उपखंड टूंडला में देशभक्ति के साथ-साथ खेल भावना का अनूठा संगम देखने को मिला। 220 केवी विद्युत उपकेंद्र टूंडला परिसर में आयोजित विशेष खेल प्रतिस्पर्धाओं के माध्यम से विभागीय कर्मचारियों ने अपनी शारीरिक दक्षता और टीम वर्क का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपखंड अधिकारी (एसडीओ) दीपांशु गोस्वामी ने झंडारोहण के पश्चात विभिन्न खेल स्पर्धाओं को हरी झंडी दिखाकर किया।उप केंद्र पर आयोजित इस खेल महोत्सव में 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक और 4×100 मीटर रिले दौड़ जैसी रोमांचक प्रतियोगिताएं हुईं।

विभागीय कार्य के तनाव से दूर बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मैदान पर पसीना बहाते नजर आए। 100 मीटर दौड़ और रिले दौड़ में कर्मचारियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, जिसे उपस्थित दर्शकों और साथी कर्मियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा। इस अवसर पर जूनियर इंजीनियर (जेई) राम लाल सिंह और जेई विष्णु सिंह सहित समस्त विभागीय स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने न केवल खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, बल्कि स्वस्थ जीवन शैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दर्शाई।
विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए उपखंड अधिकारी दीपांशु गोस्वामी ने कहा कि बिजली विभाग की ड्यूटी बेहद चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होती है। ऐसे में समय-समय पर आयोजित होने वाले खेल न केवल मानसिक तनाव को कम करते हैं, बल्कि कार्यक्षमता में भी वृद्धि करते हैं।

उन्होंने संदेश दिया कि कार्य के साथ-साथ जीवन में खेलों की अहम भूमिका है, जो हमें अनुशासित और फिट रखती है। प्रतियोगिता के अंत में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को शील्ड व पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।

Share.
Exit mobile version