पहलगाम आतंकी हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम को सफलता मिली है. एनआईए की टीम ने पहलगाम के दो लोकल नागरिकों को गिरफ्तार किया है. इनपर उन आतंकवादियों को पनाह देने का आरोप है, जिन्होंने इस भयानक हमले को अंजाम दिया था. 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए नरसंहार में उन आतंकियों ने 26 निर्दोष हिंदू पर्यटकों की गोली मार कर जान ले ली थी. इसमें 16 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
एनआईए ने गिरफ्तारी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पहलगाम के बटकोट के परवेज अहमद जोथर और पहलगाम के हिल पार्क के बशीर अहमद जोथर ने हमले में शामिल तीन सशस्त्र आतंकवादियों की पहचान की है. दोनों ने यह भी पुष्टि की है कि वे प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े पाकिस्तानी नागरिक थे.
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने रविवार को कहा कि पहलगाम हमले के मामले में उसे एक बड़ी सफलता मिली है, उसने 26 निर्दोष पर्यटकों की जान लेने वाले और 16 अन्य को गंभीर रूप से घायल करने वाले भयावह हमले को अंजाम देने वाले आतंकवादियों को पनाह देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
