शिकोहाबाद। थाना क्षेत्र के मुहल्ला बिजेंद्र कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी है। जिसमें उसने अपनी बेटी और धेवती के आभूषणों की चोरी का आरोप अपनी साली पर लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिजेंद्र कॉलोनी निवासी सत्यवीर सिंह यादव ने थाने में दी तहरीर में लिखा है कि उसकी पुत्री कांती पत्नी विजय यादव उसके साथ मकान में रहती है। उनके कमरे में एक लोहे की अलमारी रखी है, जिसमें उसकी बेटी का सामान और पैसे रखे रहते हैं। 14 जुलाई को जब उसकी बेटी ने अपनी अलमारी खोलकर देखी तो उसमें रखे आभूषण और नकदी आगयब थी। जिसमें 65 हजार रुपये, 14 अंगूठी, दो मंगलसूत्र, दो गले के सैट, चार चैन, 16 जोड़ी पायल (हल्की-भारी), एक कमर कर्धनी, एक मांग टीका, कान का छुमकी, झाला, चार चूड़ी, बिछिया, हीरे के टाप्स, हल्के तीन जोड़ी टाप्स गायब थे। इसके अलावा उसकी धेवती के कंगन व पायल भी गायब थीं।
आरोप है कि यह आभूषण और नकदी उसकी साली कंचन पत्नी विक्रम यादव निवासी बिजेंद्र कालोनी ने चोरी कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि उसकी साली उसके घर पर आती-जाती रहती है। 13 जून से दो जुलाई तक वह उसके घर पर रात में सोने के लिए आती थी। आरोप है कि उसके घर से उसकी बेटी के आभूषण और नकदी व धेवती के आभूषण उसकी साली कंचन ने ही चोरी किये हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपित कंचन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
