फिरोजाबाद (लेबर कॉलोनी)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दीन दयाल नगर लेबर कॉलोनी के स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में एकत्रीकरण कर पथ संचलन किया। मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवकों को बौद्धिक देकर शताब्दी वर्ष के महत्व को समझाया।लेबर कॉलोनी के रामलीला ग्राउंड में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार सुबह कार्यक्रम आयोजित किया गया।जिसमें संघ के गणवेश में दर्जनों स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। संघ संस्थापक डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार एवं माधवराव सदा शिवराव गोलवलकर एवं भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में प्रांत धर्म जागरण प्रमुख विशाल जी ने कहा, “यह पथ संचलन केवल एक शारीरिक गतिविधि नहीं है, बल्कि यह समाज में अनुशासन, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देने का एक माध्यम है। संघ अपनी स्थापना से ही व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के कार्य में लगा हुआ है और शताब्दी वर्ष हम सभी के लिए इस संकल्प को और दृढ़ करने का अवसर है।
बौद्धिक के उपरांत कार्यकर्ताओं ने पथ संचलन में भाग लिया। संचलन का शुभारंभ दीन दयाल नगर के लेबर कॉलोनी रामलीला ग्राउंड से हुआ, जहाँ से स्वयंसेवकों की कतारें अनुशासित रूप से आगे बढ़ीं। घोष वादकों द्वारा बजाई जा रही देशभक्तिपूर्ण धुनों ने पूरे वातावरण को ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति के भाव से भर दिया। लेबर कॉलोनी के मार्गों से होते हुए पुनः रामलीला मैदान पर पथ संचलन का समापन हुआ। इस कार्यक्रम में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
