शिकोहाबाद। शनिवार को भाई-बहन के अटूट प्यार का बंधन रक्षाबंन पर्व धूमधाम से मनाया गया। बहनें अपने घरों से भाईयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने के लिए घरों से निकलीं। जिससे नगर के मैनपुरी चौराहा, एटा चौराहा, सुभाष तिराहा और स्टेशन रोड पर बड़ी भीड़ देखने को मिली। वहीं घेवर और मिठाई खरीदने के लिए भी मिष्ठान भंडारों पर भीड़ लगी रही। इस दौरान रोडवेज विभाग द्वारा की गयी व्यवस्थाएं छोटी दिखाई दीं। बसों के इंतजार में घंटों बहनों को सड़क पर खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। वहीं डग्गेमार वाहन चालकों ने जमकर कमाई की। इस अवसर पर उन्होंने मुंहमागे दाम बसूल किये और पांच के स्थान पर आठ सवारियों को बैठा कर चले।
शनिवार को रक्षाबंधन का पर्व नगर में बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह चार बजे से ही दूर दराज की बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए घरों से निकल पड़ीं। कुछ लोग अपने वाहनों से निकले तो ज्यादातर लोग रोडवेज और प्राइवेट वाहनों के सहारे ही थे। जो बहनें रोडवेज बस से निकलीं उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लेकिन परेशानी उठा कर भी जो बहन समय से भाई के घर पहुंच गई, उसकी खुशी का ठिकाना नहीं था। भाइयों ने भी बहनों को खूब हर्षोल्लास के साथ उनका स्वागत किया और राखी बांधने के बाद उन्हें उपहार देकर विदा किया। इस दौरान जहां रोडवेज विभाग की तैयारियों की पोल खुली, वहीं प्राइवेट वाहन चालकों ने जमकर इसका लाभ उठाया। रोडवेज बसें खचाखच भर कर चलीं, वहीं चौराहो पर बस के इंतजार में सैकड़ों बहनें खड़ी रहीं। प्राइवेट वाहन चालकों ने उनकी इस मजबूरी का फायदा उठा कर मुंहमागे दाम बसूल किये।
