फिरोजाबाद। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने तथा माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के *“सबका साथ–सबका विकास”* के संकल्प को साकार करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 162 पात्र लाभार्थियों को पक्के आवास के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। यह कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
पक्की छत का यह तोहफा निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगों एवं वंचित वर्ग के लोगों को प्रदान किया गया, जिससे उन्हें सुरक्षित आवास के साथ सामाजिक सम्मान भी मिल सके। योजना के तहत पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये लाभार्थियों के खातों में भेजे जा चुके हैं, जबकि नींव भराई के पश्चात दूसरी किस्त शीघ्र ही प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर विधायक प्रेमपाल धनगर एवं भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह द्वारा मॉडल आवास का उद्घाटन किया गया। मॉडल आवास का उद्देश्य लाभार्थियों को यह बताना है कि कम लागत में भी मजबूत, सुंदर एवं सुविधायुक्त मकान का निर्माण संभव है। विधायक ने लाभार्थियों से अपील की कि वे अपने आवास का निर्माण इसी निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराएं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में वर्तमान सरकार की योजनाएं बिना किसी भेदभाव और पूरी पारदर्शिता के साथ आमजन तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि अब बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो चुकी है और लाभार्थियों को उनका अधिकार सीधे खाते में मिल रहा है। इससे किसान, मजदूर और महिलाएं सशक्त हो रही हैं।
वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अंत्योदय का सपना साकार हो रहा है। शासन-प्रशासन का लक्ष्य है कि हर गरीब के सिर पर अपनी छत हो, और इसी दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
आवास प्रमाण पत्र प्राप्त करते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। आकलपुर दामोदरपुर की रहने वाली विधवा लाभार्थी आरती देवी ने भावुक होते हुए कहा कि बरसात के मौसम में छप्पर गिरने का भय हमेशा बना रहता था, लेकिन अब पक्का घर मिलने से जीवन सुरक्षित हो गया है। इसी तरह दिव्यांग लाभार्थी महावीर सिंह ने भी आवास मिलने पर मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आरती, हरीश प्रताप, भगवान देवी, सुमन, सचिन, पुष्पा देवी, दीनू, राधेश्याम एवं जूली देवी सहित अन्य लाभार्थियों को भी आवास प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव, जसराना ब्लॉक प्रमुख संध्या लोधी, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, डीसी मनरेगा सुभाष चंद्र तथा खंड विकास अधिकारी नवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
—
