जसराना, फिरोजाबाद। स्वामी विवेकानंद हॉस्पिटल में आयोजित एक देश, एक चुनाव विषयक विचार गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि अभिषेक राजपूत ने कहा कि यह व्यवस्था देश के लोकतंत्र को सशक्त करने वाला एक ऐतिहासिक सुधार है। उन्होंने कहा कि एक साथ चुनाव होने से बार-बार होने वाले चुनावों के भारी व्यय में कमी आएगी, प्रशासनिक व्यवस्था सुचारु होगी और विकास कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी, जिससे देश के संसाधनों की भी बचत होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला मंत्री डॉ. उम्मेद सिंह राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि निरंतर चुनावों से प्रशासनिक तंत्र पर अनावश्यक दबाव पड़ता है, जिससे नीतिगत स्थिरता प्रभावित होती है।
कार्यक्रम के संयोजक नरेश प्रताप सिंह ने गोष्ठी के आयोजन का उद्देश्य मेडिकल क्षेत्र के विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण के विचारों से जोड़ना बताया। अंत में सह-संयोजक आशीष कुमार ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
गोष्ठी में इस पहल का पुरजोर समर्थन किया गया और इसे भारत जैसे विशाल लोकतंत्र के लिए विकास और सुशासन की दिशा में एक सशक्त कदम बताया गया। इस विचार मंथन में राजीव, अभिनव, प्रशांत, अमन, अजय एवं चांद खान समेत बड़ी संख्या में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और मेडिकल विद्यार्थी उपस्थित रहे।
