कोटला | कोटला स्थित श्री आर.के. बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू विरोधी जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का नेतृत्व चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हेमंत कुमार ने किया, जबकि विद्यालय के प्रधानाचार्य राम नरेश यादव का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर छात्राओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने अपनी कला के माध्यम से तंबाकू से होने वाले कैंसर व गंभीर बीमारियों की भयावह तस्वीर प्रस्तुत की।

चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 8 की रंजना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 9 की गीता द्वितीय तथा दीपशिखा तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त पांच अन्य छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

प्रधानाचार्य श्री राम नरेश यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है, इसलिए नशे से दूरी बनाना प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है।”

कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब आया जब विद्यालय परिसर में मौजूद सभी शिक्षक-कर्मचारियों एवं सैकड़ों छात्राओं ने आजीवन तंबाकू उत्पादों का सेवन न करने की शपथ ली। छात्राओं ने यह भी संकल्प लिया कि वे अपने परिवार और समाज को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगी। इस अवसर पर डॉ. राहुल यादव, डॉ. स्मिता शर्मा एवं उप-प्रधानाचार्य विवेक अग्रवाल ने भी छात्राओं को नशे से होने वाले सामाजिक व शारीरिक नुकसान की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त शिक्षक स्टाफ उपस्थित रहा।

Share.
Exit mobile version