जसराना। जसराना कस्बे में चल रही प्रसिद्ध रामलीला मैदान का एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी एवं थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडे ने निरीक्षण किया। आगामी रामलीला महोत्सव और रविवार को निकलने वाली भव्य राम बारात की तैयारियों को देखते हुए अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान राम बारात निकलने वाले मार्गों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया। समिति पदाधिकारियों के साथ भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर चर्चा की गई।
एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दर्शकों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग, महिला उपनिरीक्षक और महिला आरक्षियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही, पूरे मेला परिसर पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान रामलीला मेला समिति के अध्यक्ष नवीन शिवहरे, डॉ. उम्मेद सिंह राजपूत, अमित मोहन लोधी, सचिन पवार, लकी गुप्ता, वरुण गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
