फिरोजाबाद। मटसेना थाना क्षेत्र के गांव सौराम गढ़ी के खेत में तमंचा बनाने की फैक्टरी पिछले छह माह से चल रही थी। जिसका बुधवार को मटसेना थाना पुलिस ने ‌खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बने और अध बने तमंचा व बंदूक के साथ तमंचा बनाने के औंजार भी बरामद किए है। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।
एसपी सिटी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि मटसेना थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह को सूचना मिली थी। मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर थाना प्रभारी ने पुलिस फोर्स के साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस बिंदी और नाथूराम व ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया। पकड़े गए दोनों आरोपी सौरामगढ़ी के रहने वाले है। इस दौरान पुलिस ने एक बंदूक 12 बोर, अध बनी पौनिया 12 बोर के साथ बने और अध बने तमंचे बरामद करने के साथ ही तमंचा बनाने के उपकरण भी बरामद किए है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।
एसपी सिटी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी तमंचा बनाकर उसको दो हजार रुपये में बेचा करते ‌थे। जबकि तमंचा बनाने में करीब पांच सौ रुपये का खर्च आता था। पकड़े गए आरोपियों को पूर्व में भी पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जेल से छूटने के बाद आरोपी फिर से तमंचा बनाने का काम कर रहे थे। इन लोगों द्वारा किन किन लोगों को तमंचा बेचे गए है। उनके बारे में भी जानकारी की जा रही है।
Share.
Exit mobile version