फिरोजाबाद। शहर में क्लीनिक संचालित कर आयुर्वेद चिकित्सक द्वारा एलोपैथिक पद्धति से उपचार करने वाले चिकित्सक पर कार्यवाही करने में स्वास्थ्य महकमा बेबस नजर आ रहा है। बीते दिनों समाचार पत्र में खबर प्रकाशित होने के बावजूद भी विभाग आँखें मूंदे बैठा है। बताते चलें कि शहर के जलेसर रोड स्थित झील की पुलिया की पुलिया के समीप आयुर्वेदिक चिकित्सक एवरन सिंह क्लीनिक संचालित कर रहे हैं।
आयुर्वेदिक चिकित्सक द्वारा खुलेआम एलोपैथिक दवाओं से मरीजों का उपचार किया जा रहा है। चिकित्सक द्वारा मरीजों की गम्भीर बीमारियों का इलाज करने के साथ ही एलोपैथिक इंजेक्शन तथा ड्रिप का प्रयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। समाचार पत्र में प्रकाशित खबर में मामले के खुलासे के बाद भी स्वास्थ्य ने चिकित्सक पर किसी प्रकार की कार्यवाही करने की जहमत नहीं उठाई है।
फोन नहीं उठाते नोडल अधिकारी
मामले की जानकारी के लिए नोडल अधिकारी तथा डिप्टी सीएमओ डॉ0 के0के0 वर्मा से संपर्क करने का कई बार प्रयास किया गया लेकिन उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया। बताते चलें नोडल अधिकारी मीडिया को जानकारी देने से हमेशा बचते नजर आते हैं उनके द्वारा मीडिया को जानकारी देना तो दूर मीडियाकर्मियों का फोन तक रिसीव नहीं किया जाता है।
