जानकारी के अनुसार, शिविर 3 अक्टूबर को स्वर्ग आश्रम, छारबाग में लगाया जाना था। संस्थापक के पुत्र आलिंद्र अग्रवाल ने बताया कि इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से अनुमति ली गई थी। सीएमओ ने 26 सितंबर को सीएमएस डॉ. नवीन जैन को पत्र लिखकर शिविर में डॉक्टरों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए थे।
लेकिन 3 अक्टूबर को सुबह 11 बजे तक कोई डॉक्टर मौके पर नहीं पहुंचा। इससे शिविर में हड़कंप मच गया और सैकड़ों मरीज बिना इलाज कराए ही वापस लौट गए। आलिंद्र अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने सीएमओ से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद नगर विधायक मनीष असीजा को जानकारी दी गई। विधायक के हस्तक्षेप पर सीएमएस ने डॉक्टरों को भेजा, जिसके बाद शिविर का उद्घाटन हो सका।
इस संबंध में पूछे जाने पर सीएमएस डॉ. नवीन जैन ने कहा कि हमारे पास पर्याप्त डॉक्टर नहीं हैं, अधिकतर मेडिकल कॉलेज में तैनात हैं और वे हमारी बात नहीं मानते। इसकी जानकारी सीएमओ को है।
