गायों को चारा, पानी और उपचार उपलब्ध कराकर पेश की इंसानियत की मिसाल
फिरोजाबाद, 22 जुलाई। फिरोजाबाद सोशलिस्ट टीम ने एक बार फिर समाजसेवा का परिचय देते हुए सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा गायों और अन्य बेजुबान पशुओं की सेवा हेतु एक विशेष अभियान चलाया। इस सेवा कार्य के अंतर्गत टीम द्वारा जरूरतमंद पशुओं को चारा, स्वच्छ जल और प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर टीम ने राजकीय पशु चिकित्सालय, फिरोजाबाद के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (CVO) डॉ. आनंद को सम्मानित किया, जिन्होंने इस कार्य में सक्रिय सहयोग देकर पशुओं की सेवा को सार्थक बनाया। उनके साथ-साथ गिरीश और ब्रजमोहन को भी उनकी सेवाओं के लिए टीम की ओर से सम्मानित किया गया।
अभियान के दौरान टीम के प्रमुख सदस्य शुभ यादव, अमन कुमार, देवांश पांडेय, पीयूष यादव और चिराग ने दिनभर मेहनत कर गायों की देखभाल में विशेष भूमिका निभाई। उन्होंने न केवल चारा वितरित किया, बल्कि बीमार पशुओं को प्राथमिक उपचार भी उपलब्ध कराया।
फिरोजाबाद सोशलिस्ट टीम के अनुसार, यह सेवा कार्य केवल एक पहल नहीं, बल्कि एक सामाजिक संदेश भी है कि हमें समाज में रहने वाले बेजुबान प्राणियों के प्रति भी उतनी ही संवेदनशीलता दिखानी चाहिए जितनी हम इंसानों के लिए रखते हैं। टीम ने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में इस प्रकार के जनकल्याणकारी प्रयास लगातार जारी रहेंगे। टीम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे भी इस अभियान से जुड़े और गायों तथा अन्य पशुओं के कल्याण के इस पुनीत कार्य में भागीदार बनें। “जय गौ माता, जय सेवा” के उद्घोष के साथ यह सेवा अभियान संपन्न हुआ।
