-जनता से छिपाया जा रहा विकास कार्यों का हिसाब

फ़िरोज़ाबाद। नगर निगम में चल रहे विकास कार्यों में धांधली और भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए अधिकारियों ने एक नया पैंतरा अपनाया है। 15वें वित्त आयोग और सीएम ग्रिड योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों का विवरण नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।जबकि नियमों के अनुसार, टेंडर जारी होने के बाद ही सभी कार्यों का पूरा विवरण वेबसाइट पर डालना अनिवार्य है। ऐसा इसलिए किया जाता है ताकि आम जनता यह जान सके कि उनके वार्ड में कौन-सा काम हुआ है और उस पर कितना पैसा खर्च किया गया है। लेकिन, फिरोजाबाद में ऐसा नहीं हो रहा है, जिससे जनता में यह संदेश जा रहा है कि दाल में कुछ काला है।

यह सब नगर निगम की महापौर कामिनी राठौर के संरक्षण में हो रहा है। अधिकारियों को उनका संरक्षण मिला हुआ है, जिस वजह से वे अपनी मनमानी पर उतारू हैं। हैरानी की बात यह है कि इस मामले में नगर आयुक्त ऋषि राज भी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।इस संबंध में जब नगर निगम के अधिशासी अभियंता आशीष पांडे से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि विभाग जल्द ही सभी विकास कार्यों का विवरण वेबसाइट पर अपडेट करवाएगा। अब देखना यह है कि यह वादा कब तक पूरा होता है और क्या जनता को सच में पारदर्शिता देखने को मिलेगी या नहीं।

Share.
Exit mobile version