मणिपुर। मणिपुर में भारी बारिश के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हेलीकॉप्टर के बजाय सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ी। शनिवार को प्रधानमंत्री हिंसा प्रभावित चूड़ाचांदपुर में पीड़ितों से मिलने के लिए राजधानी इंफाल से करीब 65 किलोमीटर की दूरी तय करके पहुंचे।
जब पीएम मोदी इंफाल पहुंचे, तो वहां मूसलाधार बारिश हो रही थी, जिसके चलते अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर से चूड़ाचांदपुर जाने का मौसम अनुकूल न होने की सूचना दी। इस पर, प्रधानमंत्री ने सड़क मार्ग से जाने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि चाहे कितना भी समय लगे, वे पीड़ितों से मिलने जरूर जाएंगे।
करीब डेढ़ घंटे का सफर तय कर प्रधानमंत्री चूड़ाचांदपुर पहुंचे और हिंसा पीड़ितों से मुलाकात की। रास्ते भर लोगों ने उनका तिरंगे के साथ स्वागत किया। चूड़ाचांदपुर में हजारों की भीड़ को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने मणिपुर के लोगों के जज्बे की तारीफ की। उन्होंने कहा, “भारी बारिश के कारण मेरा हेलीकॉप्टर नहीं आ सका, इसलिए मैंने सड़क मार्ग से आने का फैसला किया। रास्ते भर तिरंगा हाथ में लिए सभी ने मुझे जो प्यार और स्नेह दिया, मैं इस पल को जीवन में कभी नहीं भूल सकता।”
गौरतलब है कि मई 2023 में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच हुई जातीय हिंसा के बाद प्रधानमंत्री का यह पहला मणिपुर दौरा था। इस हिंसा में 250 से ज़्यादा लोग मारे गए थे और करीब 60,000 लोग विस्थापित हुए थे, जो अभी भी अस्थायी राहत शिविरों में रह रहे हैं।
