तहसील में समायोजित 70 ग्रामों का अब निबंधन कार्य शिकोहाबाद में होगा
शिकोहाबाद। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ संपूर्ण जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील में आयोजित किया गया। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तहसील शिकोहाबाद के सुदूर क्षेत्रों से आए फरियादियों की व्यथा को सुना। उपस्थित संबंधित अधिकारियों को उनकी समस्याओं के निस्तारण के आदेश दिए। इस दौरान अधिकतर मामले राजस्व,कानून व्यवस्था संबंधित,रजिस्ट्री संबंधित,शिक्षा,पंचायत, चिकित्सा संबंधी और नगर पालिका से संबंधित आए। जिनमें से जिलाधिकारी ने कुछ का तत्काल निस्तारण किया और कुछ के अधिकारियों को निस्तारण के आदेश दिए।
एक फरियादी ने जिलाधिकारी से फरियाद की की उसके कूल्हे का ऑपरेशन होना है परंतु उसके पिता के नाम में त्रुटि होने के कारण उसका इलाज संभव नहीं हो पा रहा है। ऐसी स्थिति में आयुष्मान कार्ड में मेरे पिता का नाम सही करने का आदेश संबंधित को देने का कष्ट करें। जिस पर जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को इस समस्या का तुरंत निस्तारण करने का आदेश दिए।
एक शिकायतकर्ता दिवारी लाल ने शिकायत की कि उसकी बस्ती गिहार कॉलोनी में पानी भर जाने के कारण तमाम तरह की समस्याएं उत्पन्न हो रही है। जिलाधिकारी ने ईओ शिकोहाबाद को उसकी समस्या को तत्काल निस्तारित करने के आदेश दिए। इसी तरह शिकायतकर्ता वीरेंद्र सिंह,राम सिंह,बलबीर सिंह,लाखन सिंह ने ईओ नगर पंचायत एका की शिकायत की की नगर पंचायत एका द्वारा जबरन बिना भूमि की पैमाइश कराए प्रार्थीगण की भूमि पर ट्रैक्टर चला दिया गया है। जेसीबी से गलत तरीके से मेढबंदी डाल दी है। डीएम ने इस प्रकरण की जांच उप जिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी की टीम से संयुक्त जांच करने के निर्देश दिए।
इसी तरह रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हरिओम यादव ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि सिरसागंज तहसील के सृजन के उपरांत तहसील जसराना के करीब 70 ग्रामों को शिकोहाबाद तहसील में समायोजित किया गया था। इन 70 ग्रामों का निबंध कार्य नियम अनुसार सब रजिस्ट्रार कार्यालय में होना चाहिए, लेकिन निबंधन कार्य सब रजिस्ट्रार जसराना में हो रहा है जो नियम विरुद्ध है। डीएम ने सब रजिस्ट्रार कार्यालय में प्रारंभ कराये जाने के निर्देश दिये। इस अवसर पर कुल 47 शिकायतें आई, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, उप जिलाधिकारी डॉ. गजेंद्र पाल सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राम बदन राम आदि उपस्थित रहें।
