फिरोजाबाद। आधुनिक जीवनशैली की चकाचौंध और प्रतिस्पर्धा की अंधी दौड़ ने आज की युवा पीढ़ी को मानसिक तनाव और व्याधियों के मुहाने पर खड़ा कर दिया है। इस गंभीर समस्या के समाधान और युवाओं में ‘स्वस्थ शरीर-स्वस्थ मन’ के विचार को पुख्ता करने के उद्देश्य से क्रीड़ा भारती आगामी 31 जनवरी को एक बड़ा अभियान छेड़ने जा रही है। शनिवार को शहर के प्रतिष्ठित पी.डी. जैन इण्टर कॉलेज के प्रांगण में ‘विशाल सूर्य नमस्कार महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा।
प्राचीन विज्ञान से नई पीढ़ी का साक्षात्कार क्रीड़ा भारती के महानगर मंत्री अनिल परिहार ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि वर्तमान समय में विद्यार्थी वर्ग सबसे अधिक मानसिक दबाव में है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक विज्ञान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुबह 9:00 बजे से शुरू होने वाले इस महोत्सव में सामूहिक सूर्य नमस्कार मुख्य आकर्षण होगा। 12 योगासनों के मेल से बना सूर्य नमस्कार शरीर में ऑक्सीजन के स्तर को सुधारने के साथ-साथ हमारी तंत्रिका तंत्र (नर्वस सिस्टम) को शांति प्रदान करता है और स्मरण शक्ति को प्रखर बनाता है।
साढ़े सात बजे से शुरू होगा योग का प्रवाह महोत्सव के दौरान केवल सूर्य नमस्कार ही नहीं, बल्कि योग के विभिन्न आयामों से भी जनमानस को जोड़ा जाएगा। सत्र में सूक्ष्म व्यायाम, संधि योग, एकाग्रता के लिए ध्यान योग और तनाव मुक्ति के लिए विशेष हास्य योग का अभ्यास अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा कराया जाएगा। आयोजन समिति ने जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों से अपील की है कि वे इस ‘स्वास्थ्य महाकुंभ’ में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि एक ओजस्वी और ऊर्जावान भविष्य का निर्माण हो सके।
तैयारियां अंतिम चरण में इस आयोजन की सफलता के लिए संस्था के पदाधिकारियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। तैयारियों को लेकर हुई विशेष बैठक में प्रांतीय सदस्य अभिषेक मित्तल ‘क्रांति’, महानगर अध्यक्ष रोहित राजपूत, उपाध्यक्ष राजेश दुबे ‘आदर्श’, दिव्यांग प्रमुख दिलीप प्रजापति और योग प्रमुख धर्मेंद्र सिंह ने भी अपने सुझाव रखे। कार्यक्रम का समापन दोपहर 11:25 बजे राष्ट्रगान के साथ होगा।
शहर के प्रबुद्ध वर्ग और खेल प्रेमियों ने क्रीड़ा भारती के इस प्रयास की सराहना की है, जिसे जनपद में योग के प्रति एक बड़ी क्रांति के रूप में देखा जा रहा है।
