फ़िरोज़ाबाद। आगामी त्यौहारों को देखते हुए शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। शनिवार को मिश्रित आबादी वाले इलाकों, संवेदनशील स्थानों और मुख्य बाजारों में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और बॉडी वार्न कैमरों से निगरानी रखी। अधिकारियों ने भ्रमण के दौरान व्यापारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत की और सुरक्षा संबंधी जानकारी ली।
पुलिस सोशल मीडिया टीम भी सक्रिय है और फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप व एक्स (ट्विटर) जैसे प्लेटफार्मों पर कड़ी नजर रख रही है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की भ्रामक खबर या अफवाह न फैलाने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च में पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी, सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
