फ़िरोज़ाबाद। वार्ड नंबर 37 आर्य नगर में सड़क पर जलभराव की गंभीर समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। यह स्थिति तब और भी चिंताजनक हो जाती है, क्योंकि यह क्षेत्र विधायक मनीष असीजा और नगर निगम के उपसभापति पार्षद विजय शर्मा का मोहल्ला है।स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों के अपने ही मोहल्ले में ऐसी स्थिति का होना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।
इस समस्या को एडवोकेट शिवम गर्ग ने सोशल मीडिया के माध्यम से उठाया और शहर का ध्यान इस ओर खींचा। उन्होंने बताया कि यह समस्या मुख्य रूप से आर्य नगर की गली नंबर 19 के बाहर सिटी चिल्ड्रन स्कूल के कारण उत्पन्न हो रही है। स्कूल में पर्याप्त जल निकासी के लिए टैंक न होने से पानी सड़क पर जमा हो रहा है, जिससे मोहल्ले के निवासियों को संक्रामक रोगों का सामना करना पड़ रहा है।
जलभराव के कारण राहगीरों को आवागमन में भारी असुविधा हो रही है। खासकर, स्कूल की छुट्टी के समय जब बच्चे बाहर आते हैं, तो सड़क पर जमा पानी और वाहनों की तेज आवाजाही किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। एडवोकेट गर्ग ने यह भी बताया कि सिटी चिल्ड्रन स्कूल ने सरकारी गली पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है और उसे पार्किंग स्थल बना रखा है। स्कूल की बसें, ई-रिक्शा और अन्य वाहन बड़ी संख्या में सड़क पर खड़े रहते हैं, जिससे आवाजाही और भी मुश्किल हो गई है।
