मुख्यमंत्री से आइजीआरएस पोर्टल पर भी की शिकायत
फिरोजाबाद। योगी सरकार भले ही जन समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को लगातार निर्देश दे रही है लेकिन अधिकारी व कर्मचारी है कि वह मानते ही नहीं। मामला नगर निगम क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। कोटला रोड स्थित नगला दखल गली नंबर-4 में सत्यवती पत्नी गिरीश चंद्र निवास करते हैं। उनका कहना है कि अभी कुछ समय पहले ही निगम द्वारा गली का निर्माण कराया गया था जिसमें उनके मकान की नली को बंद कर दिया गया। उस समय वह घर उपस्थित नहीं थे। उनका आरोप है कि यह काम पड़ोसी ने ठेकेदार से मिलकर करा दिया जिससे उनके घर में पानी भर रहा है।
पूर्व में वृद्ध द्वारा इस संबंध में नगर आयुक्त ऋषि राज से भी मिलकर समस्या को रखा गया जिस पर उन्होंने आदेश भी दिए लेकिन निगम अधिकारियों,कर्मियों ने इस पर कोई संज्ञान ना लेकर कार्रवाई नहीं की। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से आइजीआरएस पोर्टल पर इस मामले की शिकायत की थी लेकिन नगर निगम द्वारा इसका मनमाफिक निस्तारण कर खाना पूर्ति कर दी गई, समस्या जस की तस बनी हुई है। पीड़ित गिरीश चंद्र मिश्र ने मुख्यमंत्री एवं नगर आयुक्त एवं महापौर से गुहार लगाई है कि उनकी समस्या का समाधान करवाया जाए।
