नई दिल्ली। 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से लगातार 12वीं बार देश को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया। पीएम मोदी ने आत्मनिर्भरता, तकनीकी प्रगति और आर्थिक शक्ति को बढ़ाने के उद्देश्य से कई बड़ी योजनाओं और मिशनों का ऐलान किया, जिससे देश में उत्साह की लहर दौड़ गई है।
‘मिशन सुदर्शन चक्र’ से मिलेगी स्वदेशी हवाई सुरक्षा
पीएम मोदी ने ‘मिशन सुदर्शन चक्र’ की शुरुआत की घोषणा की, जो भगवान कृष्ण के सुदर्शन चक्र से प्रेरित है। इस मिशन का मकसद भारत के लिए इजरायल के आयरन डोम जैसी स्वदेशी हवाई रक्षा प्रणाली विकसित करना है। इसका उद्देश्य आतंकी हमलों और हवाई खतरों से महत्वपूर्ण स्थानों और नागरिक क्षेत्रों की सुरक्षा करना है। इस प्रणाली को 2035 तक पूरी तरह से स्वदेशी अनुसंधान, विकास और निर्माण के माध्यम से तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
2025 के अंत तक भारत की पहली स्वदेशी सेमीकंडक्टर चिप
पीएम मोदी ने ऐलान किया कि 2025 के अंत तक भारत की पहली स्वदेशी सेमीकंडक्टर चिप बाजार में आ जाएगी। उन्होंने इस कदम को इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोटिव और रक्षा क्षेत्रों के लिए एक गेम-चेंजर बताया। उन्होंने कहा कि 50-60 साल पहले भारत इस क्षेत्र में पिछड़ गया था,लेकिन अब हम इसे बदल रहे हैं।
‘दोहरी दीवाली’ का तोहफा: GST में अगली पीढ़ी के सुधार
प्रधानमंत्री ने GST में अगली पीढ़ी के सुधारों की घोषणा की, जिसे उन्होंने ‘दोहरी दीवाली’ का तोहफा बताया। इन सुधारों से जरूरी सामानों पर टैक्स में भारी कटौती होगी, जिससे आम जनता को महंगाई से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह समय की जरूरत है और इन सुधारों से हर भारतीय के जीवन में खुशहाली आएगी।
‘PM विकसित भारत रोजगार योजना’ से मिलेंगी 3.5 करोड़ नौकरियां
युवाओं के लिए एक बड़ी सौगात देते हुए पीएम मोदी ने 1 लाख करोड़ रुपये की ‘PM विकसित भारत रोजगार योजना’ की शुरुआत की। इसका लक्ष्य अगले कुछ सालों में 3.5 करोड़ नौकरियां पैदा करना है। इस योजना के तहत पहली बार निजी क्षेत्र में नौकरी पाने वाले युवाओं को सरकार 15,000 रुपये की आर्थिक मदद देगी और नियोक्ताओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा लक्ष्य: परमाणु और नवीकरणीय ऊर्जा
पीएम मोदी ने बताया कि भारत 2047 तक अपनी परमाणु ऊर्जा क्षमता को दस गुना बढ़ाएगा। इसके लिए 10 नए रिएक्टरों का निर्माण शुरू हो चुका है। उन्होंने पिछले 11 सालों में सौर ऊर्जा में 30 गुना की वृद्धि और हाइड्रोपावर, हाइड्रोजन ऊर्जा व बांध निर्माण में निवेश पर भी जोर दिया।
सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए ‘हाई-पावर डेमोग्राफी मिशन’
प्रधानमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में जनसांख्यिकीय बदलावों पर चिंता जाहिर करते हुए ‘हाई-पावर डेमोग्राफी मिशन’ की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि घुसपैठिए रोजगार छीन रहे हैं, महिलाओं को निशाना बना रहे हैं और आदिवासी समुदायों को गुमराह कर जमीन हड़प रहे हैं। यह मिशन इन खतरों से निपटेगा और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।
आकाश और समुद्र में भारत की नई उड़ान
पीएम ने युवा वैज्ञानिकों और इंजीनियरों से स्वदेशी जेट इंजन विकसित करने की अपील की। उन्होंने अंतरिक्ष में भारत का अपना स्पेस स्टेशन बनाने और गगनयान मिशन की तैयारियों का जिक्र किया।इसके साथ ही, उन्होंने ‘समुद्र मंथन’ नाम से राष्ट्रीय गहरे समुद्र अन्वेषण मिशन की घोषणा की, जो समुद्र में तेल और गैस भंडारों की खोज करेगा। यह मिशन इंजीनियरिंग, खनिज संसाधनों और समुद्री अनुसंधान को बढ़ावा देगा, जिससे पेट्रोल, डीजल और गैस के आयात पर निर्भरता कम होगी।
भारत को 10 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए रिफॉर्म
पीएम मोदी ने एक रिफॉर्म टास्क फोर्स की घोषणा की, जो कानूनों, नीतियों और शासन प्रणाली को आधुनिक बनाएगी। इसका लक्ष्य तय समय में सुधार कर भारत को 10 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है। यह टास्क फोर्स स्टार्टअप्स, MSMEs और उद्यमियों के लिए अनुपालन लागत को कम करेगी और नवाचार को बढ़ावा देगी।
