नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक ‘पद्म पुरस्कार 2026’ की घोषणा कर दी है। इस वर्ष की सूची में सिनेमा के दिग्गज और करोड़ों दिलों की धड़कन धर्मेंद्र सिंह देओल को कला के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण (देश का दूसरा सर्वोच्च सम्मान) देने का निर्णय लिया गया है। वहीं, भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले रोहित शर्मा को पद्म श्री से नवाजा गया है।

सिनेमा और कला का बढ़ा गौरव कला जगत के लिए यह वर्ष बेहद खास रहा है। जहाँ धर्मेंद्र को पद्म विभूषण मिला, वहीं सुरों की मलिका अलका याज्ञनिक और दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार ममूटी को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। मशहूर विज्ञापन गुरु पीयूष पांडे को भी मरणोपरांत पद्म भूषण के लिए चुना गया है। कला के ही क्षेत्र में दिग्गज शास्त्रीय वायलिन वादक एन. राजम को भी पद्म विभूषण से नवाजा गया है।

खेल जगत में कप्तानों की धूम भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के साथ-साथ महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को भी पद्मश्री प्रदान किया गया है। टेनिस के महान खिलाड़ी विजय अमृतराज को देश का तीसरा सबसे बड़ा सम्मान पद्म भूषण मिला है। इसके अलावा महिला हॉकी टीम की दीवार मानी जाने वाली गोलकीपर सविता पुनिया को भी पद्म श्री के लिए चुना गया है।

131 नायकों की गौरव गाथा केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार, राष्ट्रपति ने कुल 131 पुरस्कारों को मंजूरी दी है। इस बार की सूची में 19 महिलाएं शामिल हैं। साथ ही, 16 हस्तियों को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जा रहा है। सूची में उन ‘गुमनाम नायकों’ को भी विशेष स्थान दिया गया है, जिन्होंने समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर अभूतपूर्व काम किया है।

उत्तर प्रदेश का दबदबा पुरस्कार पाने वालों में उत्तर प्रदेश की भी कई हस्तियां शामिल हैं। समाज सेवा और कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्य के कई ‘गुमनाम नायकों’ को भी पद्म श्री से सम्मानित कर उनकी मेहनत को राष्ट्रीय पहचान दी गई है।

पद्म पुरस्कार 2026 विजेताओं की सूची: भारत सरकार ने वर्ष 2026 के लिए पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। राष्ट्रपति ने इस वर्ष 131 पद्म पुरस्कार प्रदान करने की मंजूरी दी है, जिसमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं।

Share.
Exit mobile version