फिरोजाबाद न्यूज। जिलाधिकारी के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में जिला स्तरीय उद्योग बंधु बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की बुनियादी समस्याएं, जलेसर रोड औद्योगिक क्षेत्र, विद्युत आपूर्ति, और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जलेसर रोड औद्योगिक क्षेत्र की समस्याएं
बैठक की शुरुआत जलेसर रोड औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं से हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा हेतु बाउंड्री वॉल और तारबंदी के खंभों के कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही निर्माणाधीन आरसीसी ड्रेन (नाली) का कार्य गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा कराया जाए।
132 केवी विद्युत उपकेंद्र को मिलेगी प्राथमिकता
औद्योगिक क्षेत्र जलेसर रोड में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रस्तावित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अभियंता विद्युत ग्रामीण ने बताया कि 132 केवीए उपकेंद्र का आगणन तैयार किया जा रहा है।
टीटीजेड क्षेत्र में डीजल जनरेटर के अवैध उपयोग पर सख्ती
बैठक में टीटीजेड क्षेत्र में मैरिज होम द्वारा डीजल जनरेटर सेट के अवैध उपयोग का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने और इसकी प्रगति रिपोर्ट औद्योगिक संगठनों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत जनपद को मिले 2000 के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 3695 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1108 आवेदन बैंकों द्वारा स्वीकृत किए जा चुके हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि जिन बैंक शाखाओं की प्रगति शून्य है, उनकी सूची उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सरकार की फ्लैगशिप योजना है और किसी भी बैंक द्वारा लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला अग्रणी प्रबंधक को लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश भी दिए गए।
ओडीओपी योजना: खाद्य प्रसंस्करण में निवेश का आह्वान
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि जनपद के लिए ओडीओपी योजना के अंतर्गत द्वितीय उत्पाद के रूप में चयनित खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में अभी तक कोई निवेश नहीं आया है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने औद्योगिक संगठनों और निवेशकों से खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में नई इकाइयां स्थापित करने की अपील की।
बैठक में उपायुक्त उद्योग संध्या, राज कुमार मित्तल, मुकेश बंसल सहित अन्य अधिकारी एवं औद्योगिक संगठन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
