मुंबई। महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए गुरुवार को हुए मतदान के साथ ही सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू हुआ और शाम 5:30 बजे तक चला। कई मतदान केंद्रों पर समय समाप्त होने के बाद भी कतार में खड़े मतदाताओं को नियमानुसार वोट डालने दिया गया।

सभी की निगाहें देश की सबसे समृद्ध नगर निकाय मानी जाने वाली मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के चुनाव परिणाम पर टिकी हैं। इस बार बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच चुनाव हुआ, जहां वर्षों बाद उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक साथ मंच साझा करते नजर आए। इसका चुनावी असर क्या होगा, यह परिणाम आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

मतदान समाप्त होने के बाद विभिन्न एजेंसियों द्वारा जारी एग्जिट पोल में भाजपा प्लस को बीएमसी में स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा प्लस को लगभग 151 सीटें और करीब 45 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है। 227 वार्डों वाली बीएमसी में बहुमत के लिए 114 सीटों की आवश्यकता होती है। अधिकांश एजेंसियां भाजपा प्लस को बंपर बहुमत में दिखा रही हैं।

मुंबई के अलावा जिन 29 महानगरपालिकाओं में मतदान हुआ, उनमें ठाणे, नवी मुंबई, उल्हासनगर, कल्याण-डोंबिवली, भिवंडी-निजामपुर, मीरा-भायंदर, वसई-विरार, पनवेल, नासिक, मालेगांव, अहिल्यानगर, जलगांव, धुले, पुणे, पिंपरी-चिंचवड़, सोलापुर, कोल्हापुर, इचलकरंजी, सांगली-मिराज-कुपवाड, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़-वाघाला, परभणी, जालना, लातूर, अमरावती, अकोला, नागपुर और चंद्रपुर शामिल हैं। अब सभी की निगाहें मतगणना और अंतिम परिणामों पर टिकी हुई हैं, जो महाराष्ट्र की नगर राजनीति की दिशा तय करेंगे।

 

Share.
Exit mobile version