– मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में चाकू, तमंचे और बंदूकों पर चला हथौड़ा – एसएसपी के निर्देश पर मालखानों को खाली करने के लिए चला विशेष अभियान
फिरोजाबाद। थाना उत्तर पुलिस ने बरसों से मालखाने में जमा अवैध हथियारों और पुराने मुकदमों के सामान का शनिवार को निस्तारण कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सौरभ दीक्षित के निर्देश पर चले इस अभियान के तहत कुल 357 मुकदमों से संबंधित माल को कानूनी प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।
कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई थाना उत्तर पुलिस ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश पर यह कदम उठाया। नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी (सीओ सिटी) प्रवीण कुमार तिवारी की देखरेख में मालखाने से सामान निकालकर उसका मिलान किया गया। पारदर्शिता के लिए इस पूरी कार्रवाई की वीडियो और फोटोग्राफी भी कराई गई।
मौके पर मौजूद रहे अधिकारी इस दौरान अभियोजन अधिकारी हरेन्द्र यादव, थाना प्रभारी अन्जीश कुमार सिंह और माल निस्तारण के नोडल अधिकारी अनुज नागर सहित पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से मालखानों में जमा पुराने सामान का बोझ कम होगा और वहां नई व्यवस्थाएं बेहतर हो सकेंगी।
क्या-क्या हुआ नष्ट?
पुलिस के अनुसार, निस्तारण किए गए माल में सबसे ज्यादा चाकू और अवैध तमंचे शामिल थे।
कुल 248 चाकू नष्ट किए गए।
27 अवैध तमंचे और 01 बंदूक को विनिष्ट किया गया।
इसके अलावा मुकदमों से संबंधित अन्य पोटली और कागजातों का भी निस्तारण हुआ।
