फिरोजाबाद। शहर में हिंदू जागरण को सक्रिय करने के उद्देश्य से धर्म जागरण समिति ने शुक्रवार को लेबर कॉलोनी स्थित रामलीला मैदान से एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया। इस रैली का शुभारंभ आरएसएस महानगर प्रचारक शेखर अग्रवंशी और समिति अध्यक्ष बृजमोहन यादव ने झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर महानगर प्रचारक ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से 18 जनवरी को रामलीला मैदान में होने वाले हिंदू सम्मेलन में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सज्जन शक्ति को सक्रिय करने और हिंदू समाज में अनुशासन व एकता बढ़ाने का प्रयास है।
बाइक रैली शहर के लेबर कॉलोनी, नगला विष्णु, मेहताब नगर, रामनगर, रेलवे लाइन किनारे, छोटी दत्तौजी और बड़ी दत्तौजी क्षेत्रों से होती हुई निकली। रैली में युवा जय श्री राम के नारों के साथ उत्साहपूर्ण रूप में शामिल थे। रैली की एक बड़ी गाड़ी पर साउंड सिस्टम लगाया गया, जिससे पूरा माहौल भगवामय हो गया।
इस मौके पर महानगर कार्यवाह गौरव, सहकार्यवाह रामकुमार, प्रणव, समिति सचिव रंजीत सिंह, नरेंद्र हिंदू दीपक, प्रशांत, सुमित और विशाल सहित बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
