समय भास्कर मुंबई — ज़ी टीवी अपनी नई ब्रांड पहचान “आपका अपना ज़ी” के साथ अब ऐसा कंटेंट पेश कर रहा है, जो सिर्फ़ मनोरंजन तक सीमित नहीं बल्कि असली ज़िंदगी की कहानियों को सामने लाने का प्रयास है। इसी सोच के तहत चैनल 1 सितंबर से एक नया रियलिटी शो ‘कहानी हर घर की’ लॉन्च कर रहा है।
इस शो की सबसे बड़ी खासियत है कि यह देशभर की महिलाओं को अपनी ज़िंदगी की कहानियाँ साझा करने का एक सुरक्षित और सम्मानजनक मंच देगा। शो को प्रस्तुत करेंगी लोकप्रिय अभिनेत्री जूही परमार, जिन्हें दर्शक लंबे समय से उनके सशक्त किरदारों और भरोसेमंद छवि के लिए जानते हैं।
‘कहानी हर घर की’ का हर एपिसोड किसी एक वास्तविक महिला की ज़िंदगी और उसके संघर्षों पर केंद्रित होगा। इसमें भावनात्मक उपेक्षा, पारिवारिक दबाव, करियर के त्याग और रिश्तों की उलझन जैसे मुद्दे शामिल होंगे। विशेषज्ञ मनोवैज्ञानिकों और अतिथियों की मौजूदगी के साथ, शो का मक़सद है रूढ़िवादिता तोड़ना और समाज में सहानुभूति व संवेदनशीलता को बढ़ावा देना।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संवेदनशील अंदाज़ में पेश किया गया। मीडिया प्रतिनिधियों को शो से ली गई एक महिला की कहानी का सिर्फ़ ऑडियो सुनाया गया, जिससे उन्हें बिना किसी दृश्य के उस संघर्ष को महसूस करने का मौका मिला। कहानी खत्म होते ही जूही परमार ने मंच पर आकर महिलाओं की आवाज़ को पहचान और सहानुभूति दिलाने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया।
ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज के चीफ क्रिएटिव ऑफिसर राघवेंद्र हुंसूर ने कहा, “हर इंसान के भीतर संघर्ष और साहस की कहानी होती है। यह शो सिर्फ़ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सहारा है जो अनसुनी आवाज़ों को मंच देता है।”
वहीं, ज़ी टीवी के चीफ चैनल ऑफिसर मंगेश कुलकर्णी का कहना है कि, “हमारा उद्देश्य ऐसी सामग्री लाना है जो दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़े और उन्हें रोज़मर्रा की ज़िंदगी की सच्चाई पर सोचने के लिए प्रेरित करे।”
जूही परमार ने शो को लेकर कहा, “यह सिर्फ़ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि एक यात्रा है, जहाँ महिलाएं अपनी सच्चाई कह सकती हैं। कभी-कभी उन्हें बस एक सुरक्षित जगह की ज़रूरत होती है, और यह शो वही मंच बनेगा।”
ज़ी स्टूडियोज़ द्वारा निर्मित ‘कहानी हर घर की’ का प्रीमियर 1 सितंबर 2025 को होगा। यह शो सोमवार से शुक्रवार रोज़ शाम 6:30 बजे ज़ी टीवी पर प्रसारित किया जाएगा।
